जंतर-मंतर की कार्रवाई के विरोध में रुद्रप्रयाग में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन
जंतर-मंतर की कार्रवाई के विरोध में रुद्रप्रयाग में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन
रुद्रप्रयाग। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं की कथित हिरासत के विरोध में रुद्रप्रयाग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
पूर्व केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों और कांग्रेस नेताओं के साथ जो व्यवहार हुआ, उसने लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की आवाज दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर चुप नहीं बैठेगी और जिले के महाविद्यालयों से आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
पूर्व जखोली ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थप्परियाल ने कहा कि छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और बदसलूकी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिविल ड्रेस में मौजूद लोगों ने भी छात्रों के साथ मारपीट की। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने का हर प्रयास लोकतंत्र के लिए खतरा है।
इस दौरान कांग्रेस नेता लक्ष रावत ने हाथों में हथकड़ियां पहनकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि हथकड़ियां यह संदेश देती हैं कि यदि लोकतांत्रिक अधिकारों पर पहरा लगाया जाएगा तो कांग्रेस हर स्तर पर उसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि चाहे उन्हें गिरफ्तार किया जाए या दमन किया जाए, न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप कंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र बिष्ट, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आकाश कपरवाण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


