पोखरी क्षेत्र में मूक बधिर किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

–कुलदीप राणा आजाद
जनपद चमोली के पोखरी से महिला अपराध से जुड़ी एक गंभीर खबर सामने आई है। एक मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। शिकायत मिलते ही पोखरी पुलिस हरकत में आई और आरोपी को पोखरी के विनायकधार से गिरफ्तार कर लिया। यह मामला सिर्फ एक अपराध की कहानी नहीं है, बल्कि समाज के उस वर्ग की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल है, जो अपनी बात सामान्य तरीके से पुलिस और समाज तक नहीं पहुंचा सकता।
चमोली जनपद के पोखरी थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले ने लोगों को झकझोर दिया है। 29 अगस्त को एक महिला ने थाना पोखरी में तहरीर देकर अपनी मूक-बधिर ननद के साथ जबरन दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया। शिकायत में ग्राम सांकरी निवासी संजय उर्फ सन्तू को आरोपी बनाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी।
पुलिस का एक्शन
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू की। वहीं घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर निरीक्षण कराया गया और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।
थानाध्यक्ष पोखरी देवेन्द्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। पोखरी पुलिस की लगातार कार्रवाई का नतीजा यह रहा कि आरोपी को घटना की सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
“यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े करता है। खासकर उन महिलाओं की सुरक्षा को लेकर, जो अपनी बात कहने या अपनी पीड़ा समाज तक पहुंचाने में सक्षम नहीं होतीं। ऐसे मामलों में परिवार, समाज और पुलिस—तीनों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने यह संदेश जरूर दिया है कि महिला अपराध के मामलों में शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए।”
