गणतन्त्र दिवस के पर जनपद रुद्रप्रयाग में आयोजित हुई भव्य पुलिस परेड

केदारखण्ड एक्सप्रेस न्यूज/ रुद्रप्रयाग।

आज सम्पर्ण देश 75वां गणतन्त्र दिवस मना रहा है। गणतन्त्र दिवस 2024 के शुभ अवसर पर आज दिनांक 26 जनवरी 2024 को जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस के स्तर से जनपद के ऐतिहासिक गुलाब राय मैदान में भव्य पुलिस परेड का आयोजन किया गया।पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातःकाल समय 10ः30 बजे परेड का गुलाब राय एलाइनमेंट पर आगमन हुआ,

तत्पश्चात समय 10ः40 बजे परेड कमाण्डर द्वारा परेड भार ग्रहण किया गया, समय 10ः50 बजे जनपद की पुलिस अधीक्षक डॉ0 विशाखा अशोक भदाणे का आगमन हुआ उनके द्वारा परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया गया। समय 10ः55 बजे जनपद के जिलाधिकारी डॉ0 सौरभ गहरवार का आगमन हुआ उनके द्वारा परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया गया।

समय 11ः00 बजे परेड के मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा, मंत्री, पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन उत्तराखण्ड सरकार का आगमन हुआ, तत्पश्चात ध्वजारोहण किया गया।समय 11ः10 बजे मुख्य अतिथि एवं पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। समय 11ः15 बजे परेड का मार्च पास्ट हुआ।

भव्य पुलिस परेड के दौरान मुख्य आकर्षण फायर सर्विस द्वारा तिरंगे की प्रतिबिम्ब रूपी पानी की बौछार करना रहा।आयोजित हुई भव्य पुलिस परेड के प्रथम कमांडर पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन्स रुद्रप्रयाग श्रीमती हर्षवर्द्धनी सुमन, द्वितीय कमांडर उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस दमयन्ती गरोड़िया तृतीय कमांडर यातायात उपनिरीक्षक कमल कुमार रहे।

सशस्त्र पुलिस की टोली का नेतृत्व उपनिरीक्षक यातायात सौकार सिंह, नागरिक पुलिस की टोली का नेतृत्व उपनिरीक्षक राजबर सिंह राणा, महिला पुलिस की टोली का नेतृत्व उपनिरीक्षक संयोगिता रावत, पहली बार प्रतिभाग कर रही महिला होमगार्डस की टोली का नेतृत्व अपर उपनिरीक्षक विनोद कुमार, महिला पीआरडी टोली का नेतृत्व केशव, एनसीसी की टोली का नेतृत्व कैडेट अनमोल ने किया।

इस परेड को रुद्रप्रयाग स्थित 6वीं ग्रेनेडियर भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुन ने सूबेदार कुलदीप कुमार के नेतृत्व में सुशोभित किया गया।परेड के साथ-साथ जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस दूरसंचार शाखा, अग्निशमन इकाई, एस0डी0आर0एफ0, आपदा प्रबन्धन एवं डीडीआरएफ रुद्रप्रयाग, रेडक्रास, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, डेयरी विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा अपनी विभागीय योजनाओं की झांकी के माध्यम से जानकारी दी गयी।

परेड के उपरान्त मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री जी ने जनपद वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन हमें अपने अधिकारों, कर्तव्यों, देश के प्रति समर्पण तथा देशभक्ति की याद दिलाता है। देश में सशक्त लोकतंत्र की स्थापना बनाए जाने हेतु संविधान सभा द्वारा 26 नवंबर 1949 को लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में संविधान का स्वरूप अंगीकार किया गया,

तथा आज ही के दिन 26 जनवरी 1950 को देश का संविधान लागू किया गया। उन्होंने देश के शहीदों के बलिदान तथा संविधान निर्माताओं को याद करते हुए कहा कि आज उनको श्रद्धांजलि देने का पर्व भी है।सभी परेड कमाण्डरों द्वारा मुख्य अतिथि को अपना परिचय दिया गया तथा परेड मार्च ऑफ की कार्यवाही हुई।मुख्य अतिथि द्वारा परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सशस्त्र पुलिस और महिला होमगार्ड्स की टोली व आर्मी बैंड की टुकड़ी को नगद पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।

परेड अवधि में सम्पूर्ण गुलाबराय मैदान में उपस्थित दर्शक दीर्घा में बैठा हर एक व्यक्ति देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा तथा करतल ध्वनि से परेड की हौसला अफजाई की गई।परेड कार्यवाही के उपरान्त मुख्य अतिथि द्वारा जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।तत्पश्चात जनपद रुद्रप्रयाग के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं सूचना विभाग द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गयी।जनपद स्तर पर विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभाओं का लोहा मनवाने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित किया।

परेड व आयोजित कार्यक्रमों के दौरान नरेन्द्र सिंह (पुलिस विभाग रुद्रप्रयाग) तथा किशन रावत (सेवायोजन विभाग रुद्रप्रयाग) द्वारा एंकरिंग की गयी।आज आयोजित हुए इस कार्यक्रम अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग, विधायक रुद्रप्रयाग, जिलाध्यक्ष भाजपा रुद्रप्रयाग, मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग, अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विभिन्न विभागों के सभी जिलास्तरीय अधिकारी, मीडिया बन्धु व जनपद की सम्भ्रान्त जनता उपस्थित रही।

Share

You cannot copy content of this page