सीएमओ ऑफिस में कार्यरत 39 वर्षीय अरविंद जगवाण 4 दिनों से लापता

Share at

केदारखंड एक्सप्रेस न्यूज़/ रूद्रप्रयाग के निकटवर्ती गांव भटवाड़ी सैंण निवासी 39 वर्षीय अरविंद जगवाण बीते 20 अप्रैल की सुबह से गायब है।। 20 अप्रैल की सुबह साढे छ बजे घर से मॉर्निंग वॉक पर निकला अरविंद तीन दिन गुजर जाने के बाद भी वापस नहीं लौटा है। परिजनों द्वारा सभी संभावित स्थानों पर अरविंद की खोजबीन की गई लेकिन कहीं से भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है ऐसे में बूढ़ी मां और पत्नी का रो रो कर बुरा हाल है। जबकि अरविंद का बच्चा भी पापा की राह देख रहा है। परिजनों द्वारा 21 अप्रैल को पुलिस में गुमशुदा की एफ आई आर दर्ज की गई लेकिन अब तक पुलिस के हाथ भी खाली नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक रूद्रप्रयाग मुख्यालय के निकटवर्ती गाँव केदारनाथ राजमार्ग से लगा भटवाडीसैंण निवासी अरविंद जगवाण पुत्र स्व ध्यान सिंह 20 अप्रैल की सुबह घर से टहलने के लिए निकला था। लेकिन दोपहर तक भी वापस नहीं आया जिसके बाद ढूंढ खोज शुरू की गई। बताया जा रहा है कि अरविंद के घर के कुछ दूरी पर एक होटल के सीसीटीवी कैमरे में अरविंद तिलवाड़ा की तरफ जाते दिखाई दे रहा है जबकि उससे आधा किमी आगे मेदनपुर के निकट दूसरे होटल के सीसीटीवी फुटेज में अरविंद आगे जाता हुआ नहीं दिख रहा है। इससे यह साफ है कि अरविंद मेदनपुर और भटवाडीसैंण के बीच ही लापता हुआ है लेकिन सवाल यह है कि आखिर कैसे और कहाँ गुम हुआ है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों द्वारा अरविंद की लगातार ढूंढ खोज की जा रही है लेकिन कहीं भी कोई सुराग पता नहीं चल पा रहा है।

You may have missed