विकसित भारत के संकल्प के साथ सेवा ज्योति कार्यक्रम


रुद्रप्रयाग के गुलाबराय मैदान में विकसित भारत संकल्प सभा और ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी समेत भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया। गुलाबराय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में दूरदराज के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने भी भागीदारी की। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए उनके नेतृत्व में देश में हुए विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ ही उन्हें सरकारी सेवाओं की जानकारी मिल सके। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रप्रयाग विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजकों के मुताबिक, इसी क्रम में देशभर के साथ उत्तराखंड के सभी जनपद मुख्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Share