आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने लगाए पिंजरे और ट्रैप कैमरे

लोहाघाट (चंपावत)। विकास खंड लोहाघाट के मंगोली में तेंदुए के धूरा गांव निवासी युवक को मौत के घाट उतारने के बाद ग्रामीण दहशत में हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं।
वन विभाग के रेंजर नारायण दत्त पांडेय ने बताया कि घटना के बाद लगातार क्षेत्र में गश्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि जंगल में 12 ट्रैप कैमरे और तीन पिंजरे लगा दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर पिंजरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। अभी तक तेंदुआ ट्रैप कैमरों में नहीं दिख रहा है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की गश्त लगातार जारी है। इसके अलावा लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। डीएफओ आशुतोष सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी के खाते में 1.80 लाख की धनराशि आरटीजीएस कर दी गई है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहते हुए जरूरी होने पर रात के समय समूह में ही जाने की अपील की है।
