रुद्रप्रयाग नगर व्यापार मंडल के चुनाव में आई तेजी

रूद्रप्रयाग। नगर में उद्योग व्यापार मंडल के चुनावों को लेकर अब हलचले तेज हो गई हैं। जिलाध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल रुद्रप्रयाग अंकुर खन्ना द्वारा रुद्रप्रयाग के समस्त व्यापारियों को अवगत कराया गया कि विगत 1 मार्च को नगर व्यापार मंडल कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है। ऐसे में व्यापार मंडल के नियमों के आधार पर 3 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो जाने पर चुनाव किया जाना आवश्यक होता है।

उन्होंने बताया कि चुनाव कराए जाने से पहले सदस्यता अभियान चलाया जाना आवश्यक है ताकि इन 3 वर्षों के नए व्यापारियों को व्यापार मंडल से जोड़ा जा सके। तत्पश्चात ही चुनाव की तिथि तय की जाती है। सदस्यता अभियान आगामी 21 मार्च से 30 मार्च तक चलाया जाएगा, जिसका शुल्क 50 रूपये प्रति व्यापारी तय किया गया है। सदस्यता अभियान संपन्न होने के बाद 15 अप्रैल से पहले पहले चुनाव संपन्न करा दिए जायेगें।

Share

You cannot copy content of this page