जखोली गांव में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिवार में मचा कोहराम

रुद्रप्रयाग। जखोली विकासखंड के जखोली गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जखोली गांव निवासी खुशाल सिंह चौहान (50) पुत्र इंद्र सिंह का शव सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गौशाला के समीप एक पेड़ पर मिला। परिजन जब गौशाला पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर जखोली पुलिस मौके के लिए रवाना हुई।
बताया गया कि खुशाल सिंह चौहान खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। वहीं, जखोली के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख अर्जुन गहरवार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
