विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला न्यायालय परिसर में हुआ वृहद वृक्षारोपण


पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का लिया संकल्प
रुद्रप्रयाग। । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर, रुद्रप्रयाग में वृहद वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों तथा जिला जज एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग श्रीमती नीना अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीमती नीना अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज पूरे विश्व के सामने एक बड़ी चुनौती है। जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरणीय संतुलन लगातार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।


इस अवसर पर न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया गया ताकि भविष्य में ये पौधे पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को सार्थक कर सकें।
कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सी.डी.) श्रीमती पायल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अशोक कुमार, सिविल जज (सी.डी.) श्री अमित कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री सिद्धार्थ कुमार, सिविल जज (जू.डी.) श्री विकास कुमार, बार संघ अध्यक्ष प्रदीप जगवाण, बार संघ सचिव महावीर बुटोला, जिला शासकीय अधिवक्तागण, अधिवक्तागण, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नरेन्द्र कोहली एवं प्रमेन्द्र सिंह असवाल सहित न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम, जल संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए दैनिक जीवन में छोटे-छोटे लेकिन प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में उद्यान विभाग, वन विभाग तथा सूचना विभाग रुद्रप्रयाग का विशेष सहयोग रहा। वहीं स्थानीय पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।

Share