निजी भूमि पर जबरन बिजली का पोल लगाने का आरोप, ग्रामीण ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

रुद्रप्रयाग। जनपद के बसुकेदार तहसील अंतर्गत ग्राम कौशलपुर निवासी शिवलाल आर्य ने विद्युत विभाग पर उनकी निजी भूमि में बिना अनुमति बिजली का पोल स्थापित करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को प्रार्थना पत्र सौंपकर पोल को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में शिवलाल आर्य ने कहा है कि विद्युत विभाग द्वारा उनकी भूमि पर बिना सहमति के बिजली का खंभा लगाया गया है, जिससे भविष्य में जनहानि की आशंका बनी हुई है। उनका कहना है कि पोल से गुजरने वाले बिजली के तार उनके मकान की रेलिंग से बार-बार टकराते हैं, जिसके कारण रेलिंग में करंट आने का खतरा बना रहता है। इससे परिवार और आसपास के लोगों की सुरक्षा पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से लेकर विकासखंड स्तर के अधिकारियों तक अपनी समस्या रखी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी अनुपस्थिति में ही विभाग द्वारा खंभा स्थापित कर दिया गया, जिससे उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया।
ग्रामीण ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर मामले की जांच कराने तथा सुरक्षा की दृष्टि से बिजली के पोल को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन और विद्युत विभाग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं तथा ग्रामीण की सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान कब तक किया जाता है।
